एडीजी ने किया अभियुक्तों को सजा दिलाने वाली अभियोजन टीम को सम्मानित 

एडीजी ने किया अभियुक्तों को सजा दिलाने वाली अभियोजन टीम को सम्मानित 

फिरोजाबाद, 4 फ़रवरी (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा ने मंगलवार को पुलिस लाइन में नवनिर्मित बहुउद्देशीय हॉल का उद्धाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रभावी पैरवी करते हुए अभियुक्तों को सजा दिलाने वाले विवेचकगण, कोर्ट मौहर्रिर, पैरोकारों तथा अभियोजन अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक आगरा रेंज आगरा दीपक कुमार, जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित द्वारा पी.डी. जैन इंटर कॉलेज के ग्राउंड में चल रहे फिरोजाबाद महोत्सव में दीप प्रजवल्लित करते हुए विभिन्न स्कूल, विद्यालयों के मेधावी छात्र, छात्राओं को सम्मानित किया। साथ ही ऑपरेशन जागृति, मिशन शक्ति के सम्बन्ध में आमजन को जागरूक किया गया।

तत्पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन में नवनिर्मित बहुउद्देशीय हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके कर समस्त पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण को अभियोजन के सम्बन्ध में ब्रीफिंग करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करने तथा उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने एवं चिह्नित अभियोगों में न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर संलिप्त अभियुक्तों को अधिकाधिक सजा कराए जाने हेतु “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान चलाया गया था। जिसके तहत विवेचना के दौरान एकत्रित किए गए इलेक्ट्रॉनिक, भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की गयी कार्यवाही के फलस्वरूप प्रभावी पैरवी करते हुए अभियुक्तों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, विवचकों, कर्मचारियों, कोर्ट पैरोकार, लोक अभियोजकों, कोर्ट मौहर्रर आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि आगरा जोन का फिरोजाबाद पहला जिला है जिसमें यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके साथ ही जनपद के समस्त ग्राम प्रहरियों को ट्रैक सूट व कैप भी वितरित किए गए।