मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीवान में चुनावी मंच से राजद शासन की दिलाई याद,प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार

पटना/सिवान, 22 अक्टूबर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान की शुरुआत सिवान जिले के बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के बड़कागांव और रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के राजपुर से की। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया और अपने शासनकाल के विकास कार्यों को जनता के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल में बिहार में न बिजली थी, न सड़क, न ही स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था। हर तरफ अव्यवस्था और बदहाली का आलम था। आज बिहार बदल चुका है। राज्य में अमन-चैन और विकास का माहौल कायम है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दस लाख सरकारी नौकरी और दस लाख रोजगार देने का वादा किया था, जिसे अब बढ़ाकर चालीस लाख रोजगार तक पहुंचाया गया है। अब तक पचास लाख लोगों को नौकरी और रोजगार का अवसर मिल चुका है। अब लक्ष्य एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का है।

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है और अब राज्य तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए जीविका, बिजली, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए सुधारों की चर्चा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला आईटीआई, जीएनएम कॉलेज, नए बाईपास, मांझी-बरौली पथ, राम-जानकी पथ, सिसवन ढाला पर आरओबी, प्रेक्षागृह और महिला छात्रावास के निर्माण जैसे कार्यों को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया।