चम्पावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत SOG चम्पावत और थाना बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने बनबसा के मीना बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर दुकान की आड़ में नशीली दवाइयों का कारोबार करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
चम्पावत से भारी मात्रा में नशीली दवा बरामद
क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर बैग बिक्री और रिपेयरिंग की दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 126 अल्प्राजोलम टैबलेट, 67 प्रतिबंधित कैप्सूल, 1323 Proxy SPAS कैप्सूल, 100 V+ V Care कैप्सूल और कोडीन सिरप की 10 शीशियां बरामद हुईं।
पुलिस ने बरामद की भारतीय-नेपाली मुद्रा
पुलिस ने मौके से 30 हजार 700 रुपए की नेपाली मुद्रा और 9 हजार 60 की भारतीय मुद्रा भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी सिंह, मूल निवासी इस्लामनगर, बदायूं और हाल निवासी बनबसा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2025 में आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज हुआ था।
आरोपी पीलीभीत-बरेली से लाता था नशीली दवाइयां
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीलीभीत और बरेली से नशीली दवाइयां खरीदकर बनबसा क्षेत्र में भारतीय और नेपाली नागरिकों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क, दवाइयों के स्रोत और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
