आज यानी गुरुवार को उत्तराखंड के लोक कलाकार अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए है। लोक कलाकार संरक्षण संघ के बैनर तले कई कलाकारों ने सीएम आवास कूच किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। साथ ही घोषणाओं को पूरा नहीं कर रही।
सड़क पर उतरे उत्तराखंड के लोक कलाकार
कलाकारों की माने तो बीते दो सालों से उनके कार्यक्रमों का भुगतान रुका हुआ है। जिससे उनपर आर्थिक संकट आ गया है। कई बार उनके द्वारा मांग उठाई गई। लेकिन उसके बाद भी इस समस्या का स्थायी हल नहीं निकला।
सीएम के आश्वाशन के बाद भी मांग नहीं हुई पूरी
कलाकारों ने ये भी बताया कि 2 जून 2025 को संस्कृति मंत्री के सामने सांकेतिक धरना दिया गया। जिसके बाद सीएम धामी ने निर्देश दिए थे कि इन समस्याओं का हल हो। जिसमें कलाकारों का दुर्घटना बीमा, कार्यक्रम देना और भुगतान की व्यवस्था सांस्कृतिक निदेशालय के जरिए करने की मांग शामिल थी।
मांगों को लेकर सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप
इसके अलावा कलाकारों की मानदेय बढ़ाने, कलाकार पेंशन और कलाकार कल्याण कोष जैसी सुविधाएं लागू करने की भी मांग है। उन्होंने कहा कि सीएम के निर्देशों को करीब एक साल हो गया है। उसके बाद भी उनकी कई मांगें पूरी नहीं की गई।
कलाकार की रोजी-रोटी पर संकट
संघ ने आरोप लगाया कि छोटे और स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त कार्यक्रम नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे उनकी कमाई पर असर पड़ रहा है। जिसके कईयों पर रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
