वागड़ की रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार: सांसद राजकुमार रोत ने रेल मंत्री से मिलकर रखीं 13 मांगें

रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद रोत ने डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “राजा डूंगर बरण्डा” करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके अलावा उन्होंने असरवा-जयपुर ट्रेन (12981) को बिछीवाड़ा में स्टॉपेज देने, योग नगरी ऋषिकेश ट्रेन (19609/19610) को सप्ताह में तीन दिन की बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग की। रोत ने चेतक एक्सप्रेस, लोकशक्ति एक्सप्रेस, गुजरात मेल, नवजीवन एक्सप्रेस, अजमेर-जम्मू तवी, अजमेर-चंडीगढ़ गरीब रथ और अजमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस को उदयपुर तक विस्तारित करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही उदयपुर-असरवा वंदे भारत ट्रेन को डूंगरपुर में ठहराव देने का प्रस्ताव भी रेल मंत्री को सौंपा।

सांसद ने आगामी रेलवे बजट 2025-26 में इन सभी मांगों को शामिल करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने रेलवे स्टेशनों के ऑफिसर रेस्ट हाउस में सांसदों और विधायकों के लिए ठहरने की सुविधा, प्रभावित परिवारों को मौजूदा दरों पर मुआवजा और मुफ्त सेवा पास देने की भी मांग की।

सांसद रोत ने इस मुलाकात की जानकारी ट्वीट के जरिए साझा करते हुए लिखा कि

“आज दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बांसवाड़ा-डूंगरपुर-रतलाम रेल परियोजना को जल्द पूरा करने, असरवा-जयपुर ट्रेन का बिछीवाड़ा पर स्टॉपेज, डूंगरपुर स्टेशन का नाम ‘राजा डूंगर बरण्डा’ करने सहित अन्य मांगें रखीं।” रोत ने विश्वास जताया कि इन मांगों के पूरा होने से न केवल वागड़ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए लंबित रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाए।