अल्मोड़ा में भारी बारिश का असर, सरसों गांव में मकान क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड में इन दिनों मानसून कहर बरपा रहा है। चम्पावत के साथ-साथ अल्मोड़ा जिले में भी लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जिले के सरसों ग्राम पंचायत में देर रात एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

अल्मोड़ा के सरसों गांव में मकान क्षतिग्रस्त

अल्मोड़ा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरसों में भारी बारिश के बीच पनी राम पुत्र स्वर्गीय मदन राम का मकान रविवार तड़के करीब 3 बजे क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान ज्योति बिष्ट ने तत्काल आपदा कंट्रोल रूम अल्मोड़ा को अवगत कराया।

परिवार के सभी लोग सुरक्षित

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर पटवारी भुवन तिवारी और ग्राम प्रधान ज्योति बिष्ट संयुक्त रूप से घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि मकान क्षतिग्रस्त होने के बावजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है।

ये भी पढ़ें: चम्पावत में भारी बारिश का अलर्ट: नदियों का बढ़ा जलस्तर, DM ने किया आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.