फिर टली बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में सुनवाई, समय पर SC नहीं पहुंच पाए वकील

हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले की सुनवाई फिर टल गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला कोर्ट में तीसरे नंबर पर सूचीबद्ध था, लेकिन वकीलों के कोर्ट में नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी।

17 सितंबर को होगी अगली सुनवाई

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले की अगली सुनवाई 17 सितंबर 2026 तय की गई है। ऐसे में रेलवे भूमि प्रकरण से जुड़े पक्षों और क्षेत्रवासियों की निगाहें अब अगली सुनवाई पर टिक गई हैं। बनभूलपुरा रेलवे भूमि से जुड़ा यह मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। अब सभी की नजरें अगली सुनवाई पर हैं और यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शीर्ष अदालत में मामले की आगे की कानूनी दिशा क्या तय होती है।

गौरतलब है कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मार्च महीने से ही पुनर्वास की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली थी. प्रशासन द्वारा करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर 4300 से अधिक प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ देने की तैयारी की जा रही है।

संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की नजर

बता दें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को लेकर हल्द्वानी में पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड पर थी। पुलिस ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो सुपर ज़ोन बनाए हैं। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें चार ज़ोन, दो SP, पांच CO, 15 इंस्पेक्टर और SHO, और 45 सब-इंस्पेक्टर और एडिशनल सब-इंस्पेक्टर शामिल थे।

नैनीताल पुलिस संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त चलाये हुए थी। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और प्रीवेंटिव कार्रवाई की जा रही थी। एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने साफ़ किया है कि शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भी नैनीताल पुलिस की सतर्क निगाह है। पुलिस ने साफ़ किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट और टिप्पणियों से बचें।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.