प्रदेशभर के साथ-साथ देहरादून में भी मानसूनी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को देहरादून में नाले और नहर में बहने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। एक बच्चे का शव बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बरामद हुआ, जबकि दूसरे बच्चे का शव गुलरघाटी की नहर से मिला।
वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक का बेटा लापता
पहली घटना कोतवाली पटेल नगर में स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान परिसर की है। यहां वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत कर्मचारी का 12 वर्षीय बेटा सम्राट गोपी जीवी मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने सोशल मीडिया पर बच्चे की जानकारी साझा की और पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन बच्चे के बाहर जाने के कोई सुराग नहीं मिले। परिसर से होकर गुजरने वाले नाले में बच्चे के गिरने की आशंका के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ड्रोन की मदद से भी तलाश की गई। कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने बडोवाला के पास डीएसपी चौक की बरसाती नदी से बच्चे का शव बरामद किया। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि बच्चा तेज बहाव में बहकर यहां तक पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुलरघाटी नहर में गिरा 10 साल का बच्चा
दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के गुलरघाटी रोड, बालावाला की है। मंगलवार को केपी (10) साल का किशोर नहर में गिर गया था। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाकर रेस्क्यू शुरू किया। रात भर तलाश के दौरान एसडीआरएफ ने बच्चे का शव गुलरघाटी नहर से बरामद किया। केपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर का रहने वाला था। उसके माता-पिता देहरादून में मजदूरी करते हैं। पुलिस के अनुसार बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था।
पुलिस ने की नदी नालों से दूर रहने की अपील
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि दो बच्चों की मौत के बाद पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान नाले, नहर और नदी के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने अभिभावकों से तेज बहाव वाले स्थानों से बच्चों को दूर रखने की भी अपील की है।
