कलेक्शन एजेंट लूट मामलाः लूट के आरोपिताें की तलाश में जुटी पांच टीमें

कलेक्शन एजेंट लूट मामलाः लूट के आरोपिताें की तलाश में जुटी पांच टीमें

जयपुर, 15 फ़रवरी (हि.स.)। झोटवाड़ा थाना इलाके में एयरटेल पेमेंट बैंक के कैश कलेक्शन एजेंट से पांच लाख रुपये लूट के मामले में बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। टीमें शहर के विभिन्न हिस्सों को खंगालने के साथ सीसीटीवी फुटेज देख रही है। फिलहाल बदमाशों को लेकर कोई सुराग नहीं लग पाया है।

थानाधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि एजेंट से पांच लाख लूट के मामले में टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार को कार सवार 4 से 5 बदमाशों ने एयरटेल पेमेंट बैंक के कैश कलेक्शन एजेंट से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपित 20 सेकेंड में 5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस घटना का शनिवार को वीडियो सामने आया है। इसमें सभी बदमाशों ने कपड़े से चेहरा छुपा रखा है। बदमाश डंडे से पीटकर बैग छीनते दिख रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उस पर पिस्तौल भी तान दी थी। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर वारदात करने वालों की पहचान करने में जुटी है। लूट की वारदात विद्याधर नगर के ढेहर का बालाजी निवासी पीयूष अग्रवाल (45) के साथ हुई। वह एयरटेल पेमेंट बैंक में कैश कलेक्शन एजेंट है। 10 जनवरी से ही पीयूष ने कैश कलेक्शन का काम शुरू किया था। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह पीयूष कमानी चौराहा स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी के ऑफिस से कैश कलेक्शन के लिए गया था। कैश लेकर निकलते समय उनके बैग में 5 लाख रुपये रखे थे। हेलमेट लगाकर बाइक पर बैठते समय ही पीछे से स्विफ्ट कार आई। कार से चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने उतरकर उसे पकड़ लिया। एक बदमाश ने जेब से पिस्तौल निकालकर पीयूष पर तान दी। हाथ में डंडा लेकर आया बदमाश बैग छीनने लगा। बैग नहीं देने के दौरान बदमाश ने सिर और कंधों पर डंडे से 8-10 वार किए। डंडे से ताबड़तोड़ वारकर बदमाश 5 लाख रुपये कैश से भरा बैग छीन कार से फरार हो गए।

—————