अल्मोड़ा में भारी बारिश ने मचाई तबाही: घर में घुसा मलबा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

अल्मोड़ा में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। जिले के हवालबाग ब्लॉक के वडयूड़ा गांव और धार की तुनी इलाके से हादसे की खबर सामने आ रही है।

घर में घुसा मलबा

पहला मामला वडयूड़ा गांव का है। जहां पहाड़ी से आया मलबा एक मकान में घुस गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में तीनों लोगों के मौत की खबर है।

जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब दो बजे हुआ। क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान मकान के पीछे पहाड़ी से भारी मलबा आ गया और मकान की पिछली दीवार को तोड़ते हुए घर के अंदर जा घुसा। इस दौरान अंदर सो रहे तीनों लोग मलबे में डाब गए। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (42), कल्पना आर्या (19) और मनीष कुमार (18) के रूप में हुई है।

तीन शेड की चपेट में आए नेपाली मजदूर

वहीं दूसरी घटना नगर क्षेत्र के धार की तुनी इलाके की है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में भारी बारिश के चलते अचानक एक टीन शेड की दीवार गिर गई। जिसकी चपेट में आकर दो नेपाली मजदूर आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

दो श्रमिकों की मौत

रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों मजदूरों को मलबे से निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम शवों को बाहर निकालने और अन्य संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: 1 सितंबर को उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, एक क्लिक में पढ़ें Weather update

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.