उत्तराखंड में बढ़ने लगे स्वाइन फ्लू के मामले, स्कूली बच्चों के लिए जारी की एडवाइजरी

उत्तराखंड में इन दिनों स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ताकि बच्चों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण को रोका जा सके। बता दें स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए तीन कैटेगरी में एडवाइजरी जारी की है।

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

देहरादून के सीएमओ डॉक्टर मनोज शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को एडवाइजरी से जुड़ा पत्र लिखा है। जिसमें जिले के सभी स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का इस्तेमाल करने को कहा गया है। साथ ही फ्लू जैसे लक्षण वाले विद्यार्थियों को स्कूल नहीं आने और आवश्यक होने पर मास्क का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

देहरादून में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के केस

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, देहरादून जिले में बीते 24 घंटे के भीतर H1N1 के 8 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। अब तक स्वाइन फ्लू के 565 मामले सामने आए हैं। इनमें 372 मामले देहरादून जिले के हैं। जबकि, 193 मरीज अन्य जिलों या राज्यों से आए हैं। वर्तमान में देहरादून और ऋषिकेश में 78 एक्टिव केस हैं। बता दें वर्तमान में एक्टिव मरीजों में से ज्यातार का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो स्वाइन फ्लू से अब तक दो लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से की ये अपील

स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद को आइसोलेट कर लें। साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। मास्क का इस्तेमाल करें और हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन बेड चिह्नित किए गए हैं। साथ ही अस्पतालों में फ्लू ओपीडी भी संचालित की जा रही है।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.