उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा आज सैन्यधाम के मुद्दे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व कांग्रेस भवन में एकत्र होकर सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सैन्यधाम के लिए रवाना हुए। सैन्यधाम पहुंचकर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
सैन्यधाम के मुद्दे पर कांग्रेस का धरना
कर्नल राम रतन नेगी, अध्यक्ष, पूर्व सैनिक विभाग ने कहा कि सैन्यधाम शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान से जुड़ा विषय है। जनता को यह जानने का अधिकार है कि परियोजना की कुल लागत कितनी है, अब तक कितना खर्च हुआ, किसे कौन सा कार्य दिया गया, कितने संशोधन हुए, वर्तमान निर्माण प्रगति क्या है और इसे कब तक पूरा किया जाना है। उन्होंने इन सभी विवरणों को सार्वजनिक करने तथा पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच की मांग रखी।
कांग्रेस ने की गणेश जोशी के बयान की निंदा
कर्नल नेगी ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के सैन्यधाम से चुनावी लाभ लेने संबंधी बयान की कड़ी निंदा की। इस पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने मंत्री के त्यागपत्र की मांग का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। कांग्रेस ने मंत्री गणेश जोशी से जुड़े विभिन्न विभागीय और राजनीतिक मुद्दों को उठाते हुए कहा कि सरकार को भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े आरोपों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: अपने ही बयान पर फंसे गणेश जोशी, आय से अधिक मामले में सुरक्षित फैसला सार्वजनिक होने पर सवाल
सरकार से की जवाबदेही की मांग
कांग्रेस ने उद्यान विभाग से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में जंगलों के कटान और पर्यावरणीय क्षति, नियमों के विपरीत भूमि दिए जाने के आरोपों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों के साथ हुए अन्याय का मुद्दा उठाया और सरकार से जवाबदेही की मांग की।
कांग्रेस ने सरकार के सामने रखे ये सवाल
स्वीकृत लागत कितनी है?
अब तक कितना खर्च हुआ?
लागत में कितनी बार संशोधन हुआ?
किस एजेंसी को कौन सा कार्य मिला?
अब तक कितना कार्य पूरा हुआ?
शेष कार्य कब तक पूरा होगा?
धरना स्थल पर एक खाली कुर्सी रखकर उस पर “जवाबदेह सरकार के प्रतिनिधि के लिए” लिखा गया और संबंधित अधिकारी को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया। दोनों प्रस्तावों और प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारी को सौंपने के लिए उपलब्ध कराया गया। धरना स्थल पर सर्वसम्मति से पारित 2 प्रस्ताव और मांग-पत्र एस.ओ. राजपुर, श्री पी.डी. भट्ट के माध्यम से सरकार को प्रेषित किया गया।
