मोहब्बेवाला में लगातार हादसे, DM-SSP ने मौके पर पहुंचकर खंगाली दुर्घटनाओं की वजह

देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर प्रशासन अब हरकत में आ गया है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मोहब्बेवाला पहुंचकर हादसा स्थल और राजमार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर सड़क की स्थिति और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारणों का जायजा लिया।

मोहब्बेवाला में हादसों वाली जगह पहुंचे DM-SSP

दरअसल, एक दिन पहले यानी 20 सितंबर को इसी स्थान पर सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद एक बार फिर मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए।

पहले भी हो चुके हैं इसी जगह पर हादसे

बताया जा रहा है कि इस स्थान पर अब तक आधा दर्जन से अधिक छोटे-बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। ढलान होने के कारण यहां भारी वाहनों की रफ्तार बढ़ने की बात भी सामने आती रही है। हादसों को देखते हुए पुलिस की ओर से एनएचएआई को पत्र भेजकर सड़क की स्थिति की जांच और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए गए उपायों की जानकारी मांगी गई थी।

मौके पर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से हादसों के कारणों की जानकारी ली। अधिकारियों को सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट, ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन समेत सभी पहलुओं का तकनीकी विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र में बड़े साइन बोर्ड लगाने और रंबल स्ट्रिप ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ने हादसों की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

Khabar Uttarakhand – Uttarakhand News.