चमोली से भालुओं के आतंक की खबर सामने आ रही है। यहां विकासखंड पोखरी की नैल ग्राम पंचायत के सिदेली गांव में आज शुक्रवार को भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। बता दें कि दोनों महिलाएं सुबह घाल लेने जंगल गई थी। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई। तो वहीं दूसरी गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
चमोली में जंगल घास काटने गई महिलाओं पर भालू का हमला
सिदेली गांव निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी पत्नी विमला देवी (55) और एक और महिला लक्ष्मी देवी (42), आज सुबह गांव से कुछ दूरी पर जंगल में घास लेने गई थीं। दोनों महिलाए जंगल में घास काट रही थीं। इस दौरान भालू ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। भालू से बचने की कोशिश में महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गईं।
एक की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल
घटना की जानकारी मिलने पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। उनकी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। तो वहीं दूसरी गंभीर रूप से घायल महिला लक्ष्मी देवी को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश
इस हमले के बाद गांव वालों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग सीएचसी पोखरी पहुंच गए। ग्रामीणों की माने तो काफी समय से इलाके में भालू की सक्रियता बनी हुई है। जिससे गांव के लोगों पर जान का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने को लेकर ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है।
