Thelokjan

MP- राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में आधी आबादी की पूरी भूमिका हो : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि माताओं, बहनों और बेटियों के हित में हमारी सरकार हमेशा उनके साथ हैं। इनके लिए सरकार कोई कसर नहीं रखेगी। बहनों को हमारी सरकार उनका हर वाजिब हक दिलायेगी। राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में आधी आबादी की पूरी भूमिका हो, इसे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। देश की राजनीति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़े, इसके लिए आगामी वर्षों में लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश सरकार पहले ही निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर चुकी है।

\

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मंडला जिले के टिकरवारा गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहाँ आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की लाड़ली बहनों सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के जरिए 2500 करोड़ से अधिक की सम्मान एवं सहायता राशि अंतरित की। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित होने के लिए सुश्री शुचि उपाध्याय का मंच से अभिनंदन भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं में हितलाभ और युवाओं को नियुक्ति-पत्र भी वितरित किये।

मंडला को मिली 232 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदेश की 1.27 करोड़ बहनों को 1552.38 करोड़ रुपए, 56.68 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 340 करोड़ रुपए, प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना में पात्र 25 लाख बहनों को 450 रुपए में सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 57 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। सरकार द्वारा अब तक लाड़ली बहनों को 36 हजार 500 करोड़ रुपए से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला के विकास को गति देने के लिए 232 करोड़ रुपए की लागत वाले 66 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले में सुरखी-इंद्री मार्ग पर 16 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से नया पुल बनाने और बंजर नदी में नवनिर्मित एक अन्य पुल का लोकार्पण कर इसका नामकरण अमर शहीद शंकर शाह रघुनाथ शाह सेतु करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंडला के विकास में सरकार कोई भी कमी नहीं छोड़ेगी।

 परिणय सूत्र में बंधे 1100 नवविवाहित दंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह में परिणय-सूत्र में बंधे 1100 से अधिक नवविवाहित दंपत्तियों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आज नवविवाहित दंपत्तियों को 49-49 हजार की राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 16 संस्कारों में विवाह सबसे बड़ा होता है। नवदंपत्ति नए संकल्पों के साथ सपनों का संसार बसाने के लिए आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में कमाई का एक हिस्सा बचाएं जिससे भविष्य में अपने साथ बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित हो सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोगों से विवाह समारोह पर बेहिसाब खर्च से बचने का सुझाव देते हुए कहा कि कन्या विवाह/निकाह योजना के सामूहिक विवाह में शामिल होकर कोई भी कम खर्च में धूमधाम से शादी कर सकता है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं किसानों को शादियों में टीका, दहेज और मृत्यु भोज के लिए कर्ज न लेने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कुरीतियों से समाज का विकास बाधित होता है। इसके बजाय सभी जनजातीय बंधु अपने बच्चों को पढ़ायें, लिखायें और उन्हें अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए समर्थ बनायें। उन्होंने कहा कि एक सुसंस्कृत बच्चा ही सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देता है। अपने बच्चों को सामर्थ्यवान बनाना ही राष्ट्र निर्माण है, सच्ची राष्ट्र सेवा है।

लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए संकल्पित

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार लाड़ली बहनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए संकल्पित है। महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि प्रदान करने के लिए हर महीने बहनों के खातों में राशि भेजकर रक्षाबंधन मनाया जा रहा है। अगर बहनों के हाथ में कुछ पैसा आए वो पूरे घर का समुचित प्रबंधन करती हैं। आज बहनों को उज्ज्वला योजना, पक्के मकान जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रदेश सरकार नागरिकों के सुख-दुख की चिंता करते हुए गरीब, महिला, युवा और किसान सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रयासरत है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सोलर पंप बांटे जाएंगे, जिसका लाभ प्रदेश के 5 से 10 हॉर्स पॉवर पंप वाले किसानों को मिलेगा। साथ ही बिजली विभाग सरप्लस बिजली किसानों से खरीदेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता के माध्यम से किसान और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए नई योजना शुरू की गई है, 25 गाय-भैंस पालने पर 25 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। राज्य सरकार ने शासकीय गौशालाओं के लिए अनुदान राशि भी 20 से बढ़ाकर 40 रुपए की है। हमारी सरकार घर-घर गोकुल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

हर ब्लॉक में एक वृंदावन ग्राम बनाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां नर्मदा और रानी दुर्गावती को नमन करते हुए कहा कि मां नर्मदा ने महाकौशल से मालवा और गुजरात तक लोगों को जीवन दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बुंदेलखंड में सिंचाई व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ की राशि प्रदान की है। बुंदेलखंड की धरती वीरों की धरती है। यहां काल के प्रवाह में पानी की कमी से पलायन होने लगा था। केंद्र सरकार के सहयोग से केन-बेतवा, पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं का लाभ मध्यप्रदेश के कई जिलों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि महारानी दुर्गावती द्वारा जल संचय के लिए तैयार संरचनाओं से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के हर ब्लॉक में एक गांव को वृंदावन ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि उनके लिए यह यादगार दिन है, क्योंकि वे कभी टिकरवारा गांव की सरपंच थीं और आज सरकार में मंत्री हैं।

मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ा है, जिसके लाभ से मंडला और डिंडौरी भी अछूता नहीं रहा है। उन्होंने मंडला के जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए विशेष पैकेज देने पर राज्य सरकार का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री नारायण पट्टा, विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े, नगर पालिका अध्यक्ष मंडला श्रीमती कृष्णा पंजवानी, श्री प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही और दूर-दराज से आए क्षेत्रीय ग्रामीण एवं जनजातीय बंधु उपस्थित थे।

Must Read

Latest News

PB:जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब के सेवा नियमों को लेकर कमेटी गठित

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब के सेवा नियमों को लेकर 34 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कार्यालय द्वारा जारी बयान में एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि इस समिति में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब श्री अमृतसर के एक प्रतिनिधि, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल के एक प्रतिनिधि, बाबा हरनाम सिंह खालसा प्रधान दमदमी टकसाल और अध्यक्ष संत समाज, बाबा निहाल सिंह हरियां वेलां प्रधान तरना दल हरियां वेलां, बाबा बलबीर सिंह 96वें करोड़ी प्रधान शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल, बाबा अवतार सिंह सुरसिंह प्रधान दल शामिल हैं। पंथ बाबा बिधि चंद जी, प्रदमश्री बाबा सेवा सिंह कार सेवा खडूर साहिब, बाबा कश्मीर सिंह प्रधान संप्रदा कार सेवा भूरीवाले, बाबा तेजा सिंह खुदा कुराला निर्मले संप्रदा, महंत रमिंदर दास उदासीन संप्रदा, महंत प्रीतपाल सिंह मिठा टिवाणा सेवापंथी, बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, अध्यक्ष मुख्य खालसा दीवान श्री अमृतसर, केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा चंडीगढ़ के सदस्य। प्रतिनिधि, प्रसिद्ध कथावाचक भाई साहिब ज्ञानी पिंदरपाल सिंह, गुरबानी व्याकरण विशेषज्ञ ज्ञानी साहिब सिंह शाहाबाद मारकंडा, भाई महिंदर सिंह गुरु नानक निष्काम सेवक जत्था यूके, महंत मंजीत सिंह जम्मू-कश्मीर, बीबी इंद्रजीत कौर प्रधान भगत पूरन सिंह पिंगलवाड़ा सोसाइटी, डॉ. करमजीत सिंह उपकुलपति गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर, डॉ. प्रितपाल सिंह उपकुलपति श्री गुरु ग्रंथ साहिब विश्व विश्वविद्यालय श्री फतेहगढ़ साहिब, सिख विद्वान डॉ. बलकार सिंह पंजाबी, डॉ. परमवीर सिंह पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, डॉ. अमरजीत सिंह गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर, डॉ. इंद्रजीत सिंह गोगोआनी प्रिंसिपल खालसा कॉलेज सी साई स्कूल अमृतसर, सिख विद्वान डॉ. केहर सिंह, सिख विद्वान डॉ. हरभजन सिंह देहरादून, जी: बलजीत सिंह प्रिंसिपल साहिबजादा जुझार सिंह सिख मिशनरी कॉलेज चौंटा व अन्य शामिल हैं।

PB:शिअद पूरी ताकत से मजीठिया के साथ खड़ा : हरसिमरत कौर

बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने भाई बिक्रमजीत सिंह मजीठिया का बचाव करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल पूरी ताकत से उनके साथ खड़ा है। यह स्पष्ट है कि मजीठिया द्वारा इस सरकार की भ्रष्ट और अनैतिक गतिविधियों को बेबाकी से उजागर करने से मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार बहुत घबराई हुई है। हम मजीठिया और अन्य अकाली नेताओं द्वारा राज्य एजेंसियों का दुरुपयोग करके लोगों की आवाज दबाने के लिए की जा रही धमकियों से डरते नहीं हैं। अकाली नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है, यह लंबे समय से लगातार हो रहा है और हम इसका डटकर सामना करते आ रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। वहीं, बठिंडा शहरी विधानसभा क्षेत्र के हलका इंचार्ज इकबाल सिंह बबली ढिल्लों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी को लोकतंत्र के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि मजीठिया तथा विधायक गुनीत कौर मजीठिया के कई स्थानों पर बिना कोई नोटिस दिए विजिलेंस की छापेमारी तथा बिक्रम मजीठिया को गिरफ्तार करने को लेकर अकाली दल में रोष की लहर है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस बदलाखोरी वाले रवैये को बंद नहीं किया तो सरकार के खिलाफ संघर्ष शुरू किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ शहरी अध्यक्ष राजबिंदर सिंह सिद्धू, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, हलका अध्यक्ष आरएस चीमा, कुलदीप सिंह नंबरदार, गुरप्रीत सिंह संधू, परमपाल सिंह सिद्धू, जगजीत सिंह भुल्लर, इकबाल सिंह मिठड़ी, अमरिंदर सिंह सिद्धू, मोहनजीत पुरी, हरतार सिंह व अन्य मौजूद रहे।  

PB:पुलिस ने ध्वस्त की तीन नशा तस्करों की संपत्तियां

लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नगर निगम लुधियाना के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को नशे संबंधी कई मामलों का सामना कर रहे तीन ड्रग तस्करों की अवैध संपत्तियों को संयुक्त रूप से ध्वस्त कर दिया। इस अभियान में न्यू हरिकृष्ण कॉलोनी, इंदिरा मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर में उनके अवैध निर्माण को निशाना बनाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और निगम अधिकारियों की देखरेख में कानूनी प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखते हुए यह अभियान चलाया गया। नगर निगम के स्वामित्व वाली जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियां शेखर, बिमला और उसके बेटे गुरमीत की थी। पुलिस आयुक्त स्वप्न शर्मा ने बताया कि शेखर पर छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बिमला और गुरमीत पर विभिन्न पुलिस थानों में क्रमश: पांच और तीन मामले दर्ज हैं। उन्होंने पंजाब सरकार की नशा तस्करी के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति को रेखांकित करते हुए कहा, हम नशे की समस्या को खत्म करने और अपने युवाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। पुलिस आयुक्त ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी भी दी और उनसे अपने अवैध कारोबार को छोड़ने का आग्रह किया।  

PB:गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या, एक अन्य की भी जान गई

पंजाब के बटाला में कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और उनके साथ मौजूद व्यक्ति करणवीर सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना वीरवार देर सायं की है। घटना बटाला की सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित कादियां रोड पर उस समय हुई जब हरजीत कौर और करणवीर सिंह एक कार में सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान बाइक पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। डीएसपी परमवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गोली लगने से करणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हरजीत कौर को अमृतसर के अस्पताल में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और हमलावरों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। गौरतलब है कि जग्गू भगवानपुरिया पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है और इस समय जेल में बंद है। उसकी मां की हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

PB:तरनतारन के MLA डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का निधन, CM भगवंत मान ने जताया शोक

तरनतारन से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का आकस्मिक निधन हो गया है। डॉ. सोहल पार्टी के मेहनती और संघर्षशील नेता माने जाते थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी अचानक मृत्यु से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और परमात्मा से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। भगवंत मान ने लिखा, “इस दुखद घड़ी में हम सभी डॉ. साहब के परिवार के साथ हैं और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत देने की कामना करते हैं।” डॉ. कश्मीर सिंह सोहल ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था और पार्टी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन से पार्टी और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक है।

HR-प्रदेश सरकार जल्द 7500 पदों पर करेगी भर्ती : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार 7500 पदों पर भर्ती करेगी। इन पदों की परीक्षा व बाकि सभी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया है। अब जल्द परिणाम घोषित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश भर के सभी विभागों में खाली पदों का ब्योरा इकट्ठा किया गया है। ग्रुप-सी के पदों के लिए सीईटी के आवेदन लिए जा चुके हैं। जल्द परीक्षा भी आयोजित होगी और विभिन्न विभागों में खाली पदों के विज्ञापन जारी किए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना को अमलीजामा पहनाने की पूूरी तैयारी कर ली है। जिसके तहत इसी साल महिलाओं के खातों में 2100-2100 रुपए की राशि जमा करवाई जाएगी। इस योजना के लिए बजट में 5 हजार करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान भी कर लिया है। मुख्यमंत्री सैनी गांव जालखेड़ी में आयोजित जनसभा में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जालखेड़ी में सरपंच पिंकू द्वारा रखी 8 मांगों को विभागों के माध्यम से पूरा करने के साथ-साथ गांव के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की। सैनी ने कहा कि पिहोवा से यमुनानगर तक फोर लेन की परियोजना को जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस के लोगों ने कोर्ट में जाकर 26,000 पदों के परिणाम पर रोक लगवा दी थी। तब हमने संकल्प लिया था कि सरकार बनते ही शपथ लेने से पहले युवाओं को उनके नौकरियों का परिणाम घोषित कर ज्वाॅइन करवाया जाएगा और सरकार ने ऐसा ही किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोगों ने किसानों को एमएसपी के नाम पर भ्रमित करने का प्रयास किया। कांग्रेस ने 55 वर्ष में जितना एमएसपी दिया है। भाजपा सरकार ने 11 साल में उससे कई गुना ज्यादा एमएसपी देने का काम किया है। प्रदेश में सबसे पहले हरियाणा सरकार ने सभी 24 फसलों पर एमएसपी के तहत खरीद शुरू की। मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिलाध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, दीप सैनी, विकास शर्मा, सरपंच सजीव सिंगला गोल्डी, सरपंच सोहन कलालमाजरा, कौशल सैनी, सचिव मेजर विर्क, आनंद शर्मा जालखेड़ी व रिकू कश्यप मौजूद रहे। प्रदेश के 10 जिलों में आईएमटी पर फोकस सैनी ने कहा कि प्रदेश के 10 जिलों में इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) बनाने के कार्य को गति से किया जा रहा है। सरकार बनने के बाद प्रदेश के 36 हजार परिवारों को आवास योजना के तहत 151 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजा है। सरकार का लक्ष्य हर सिर पर छत उपलब्ध करवाने का है। इसके लिए वंचित परिवारों के आवेदन करने के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन ग्रामीणों ने पंचायत की जमीन पर वर्ष 2004 से पहले कब्जा किया हुआ है, वो सरकार द्वारा बनाए गए एक्ट के तहत वर्ष 2004 के कलेक्टर रेट पर पंचायती जमीन की भूमि को अपने नाम करवा सकते हैं। इससे लोगों के कोर्ट कचहरी में लगने वाले चक्कर खत्म होंगे।